शीघ्र बहाल होगी बंद पड़ी स्कूल बस सेवा: बुद्धि सिंह ठाकुरदो साल से बस बंद होने से छह गांवों के
दो साल से बस बंद होने से छह गांवों के विद्यार्थियों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
बैहना पंचायत के पांजवी वार्ड में वर्ष 2024 से बंद पड़ी स्कूल बस सेवा जल्द बहाल होने की उम्मीद जगी है। हिमाचल प्रदेश दुग्ध उत्पादक संघ के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों को बस सेवा शीघ्र बहाल करने का आश्वासन दिया है। प्रथम शारदीय नवरात्र के अवसर पर कुष्मांडा माता मंदिर खेगसू में पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी श्यामानंद की अगुवाई में पांजवी वार्ड के प्रतिनिधिमंडल ने बुद्धि सिंह ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय युवा विनोद कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने माता कुष्मांडा के पवित्र प्रांगण में उनका अभिनंदन करने के बाद क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2024 से स्कूल बस सेवा बंद होने के कारण धार, जमेडी, जगेहड़, पांजवी, शुष, मुंगरी और तिहनी क्षेत्र के विद्यार्थियों तथा आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लूहरी स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की आवाजाही विशेष रूप से प्रभावित हुई है। ग्रामीण पहले भी परिवहन निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बस सेवा बहाल करवाने की मांग उठा चुके हैं। बुद्धि सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और शीघ्र बस सेवा बहाल करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कुष्मांडा माता मंदिर के नवनिर्माण कार्य की प्रगति का जायजा भी लिया तथा भविष्य में निर्माण कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया।