रोहड़ू। बाहरी राज्य से बिक्री के लिए मृत खराब हो चुके मुर्गों से भरा वाहन पुलिस ने जब्त किया है। यह वाहन चिड़गांव जा रहा था। पुलिस ने वाहन चालक और सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, नियमित जांच के दौरान पुलिस ने मुर्गों से भरी एक पिकअप को रोका, तो उसमें अधिकांश मुर्गे मृत पाए गए। पूछताछ में पता चला कि मुर्गों को चिड़गांव में बेचने के लिए पहुंचाया जा रहा था। गौर हो कि रोहड़ू-चिड़गांव में खराब मीट और मुर्गों की बिक्री को लेकर प्रशासन के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। कुछ दिन पहले पब्बर नदी के किनारे मृत खराब मुर्गाें को एक दुकानदार ने मजदूरों को साफ करवाने के काम में लगाया था। सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो भी वायरल हुई थी। कुछ दिन पहले प्रशासन ने बैठक कर सभी मीट व चिकन विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी किए थे। डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि पुलिस ने मुर्गाें के वाहन की जांच की, तो उसमें अधिकांश मृत पाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को कब्जे में लिया गया है। इसके बाद इस पर आगामी कार्रवाई की जा रही है। संवाद