कुर्पण खड्ड उठाऊ पेयजल योजना का देहरा पंचायत के ग्रामीणों को मिलने लगा लाभ। संवाद
देहरा पंचायत को रोजाना मिलेगा पेयजल
पेयजल किल्लत से मिली निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उप तहसील की ग्राम पंचायत देहरा के हजारों ग्रामीणों को अब पेयजल किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा। कुर्पण खड्ड उठाऊ पेयजल एवं सिंचाई योजना का पानी देहरा पंचायत के लोगों को सोमवार से मिलना शुरू हो गया है। उठाऊ पेयजल योजना से हजारों लोगों की प्यास बुझेगी।
जल शक्ति विभाग नित्थर के कार्य निरीक्षक विनोद ठाकुर ने कहा कि सोमवार से मुख्य बाजार नित्थर, देहरा पंचायत के चेबड़ी गांव, धनाह, शौचा और अन्य गांव के लिए पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। अब रोजाना ग्रामीणों को पानी मिलेगा। हर साल गर्मियों में देहरा पंचायत के हजारों लोगों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ता था। पानी कहीं तीसरे दिन तो कहीं चौथे दिन ग्रामीणों को मिलता था, लेकिन अब पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी। शनिवार को जल शक्ति विभाग आनी के अधिशासी अभियंता किशोर शर्मा ने नित्थर और देहरा पंचायत में बने पेयजल टैंकों का दौरा किया और इस दौरान पेयजल टैंकों की साफ सफाई का निरीक्षण किया। यह योजना 24 करोड़ से बन रही है। फिलहाल इस योजना से देहरा और नित्थर पंचायत के पेयजल संकट को दूर किया जाएगा। उसके बाद सिंचाई के कार्य को सिरे चढ़ाया जाएगा।
जल शक्ति विभाग आनी के अधिशासी अभियंता किशोर शर्मा ने कहा की यह योजना जल शक्ति विभाग की महत्वपूर्ण योजना है और योजना को बनाने में जल शक्ति विभाग किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ रहा है, जहां जहां जो भी कमियां हैं, उनको पूरा किया जा रहा है।