ननखड़ी में दो महीने से डिपुओं में नहीं पहुंची चीनी की आपूर्ति
विज्ञापन
बिना चीनी के परेशानी झेल रहे ननखड़ी के हजारों उपभोक्ता बाजार से महंगे दामों पर चीनी खरीदने को मजबूर ग्रामीण संवाद न्यूज एजेंसी ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी में दो महीने से राशन डिपुओं में चीनी का संकट है। इससे उपभोक्ताओं में अव्यवस्था की कड़वाहट है। सस्ते राशन के डिपो पहुंचने पर उपभोक्ताओं को बिना चीनी लिए खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग से जल्द डिपुओं में चीनी की आपूर्ति भेजने की मांग उठाई है।ननखड़ी तहसील के राशन डिपुओं में चीनी की आपूर्ति नहीं हो रही है। डिपुओं में चीनी न मिलने के कारण ग्रामीण महंगे दामों पर दुकानों से चीनी खरीदने को मजबूर हैं। ननखड़ी तहसील के करीब 7500 उपभोक्ता दो माह से चीनी की आपूर्ति पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान में ननखड़ी तहसील में 28 राशन डिपुओं से राशन कार्ड धारकों को सस्ता राशन मुहैया करवाया जा रहा है। इनमें से 21 डिपो ननखड़ी और 7 डिपो रामपुर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधीन हैं। डिपो में चीनी न मिलने के कारण राशन कार्ड धारकों में भारी रोष है। गरीब तबके के लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जल्द उपलब्ध करवाई जाए चीनी
क्षेत्र के भगवान, राजेश खुंद, महेश कुमार, रोहित कुमार, संतोष चौहान, रजत ठाकुर, कैलाश शर्मा, नरेंद्र देव शर्मा, रोहित कुमार, सोहन लाल सहित अन्य उपभोक्ताओं ने कहा कि दो माह से चीनी की आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक मार पड़ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग से राशन डिपुओं में जल्द चीनी उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है।
राशन डिपुओं में चीनी की समस्या चल रही है। एक सप्ताह के भीतर ननखड़ी के हर डिपो में चीनी की आपूर्ति की जाएगी। सुनील कुमार, निरीक्षक, खाद्य आपूर्ति विभाग ननखड़ी