रामपुर बुशहर। पुलिस थाना झाकड़ी के तहत आने वाली एसजेवीएन कॉलोनी झाकड़ी में एक 15 वर्षीय किशोरी ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके के लिए रवाना हुआ। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
पुलिस थाना झाकड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को पुलिस थाना में किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि एक किशोरी पंखे से लटकी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो झाकड़ी स्थित एसजेवीएन कॉलोनी में एक क्वार्टर में 15 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने किशोरी को फंदे से उतारकर शव को खनेरी अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव किशोरी के चाचा को सौंप दिया गया है। पुलिस को मौके पर आत्महत्या से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस कॉलोनी और किशोरी के रिश्तेदारों से घटना को लेकर पूछताछ की और बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता सीआरपीसी174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि झाकड़ी कॉलोनी में किशोरी की आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी के रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पोस्टमार्टम कर शव किशोरी के चाचा को सौंप दिया गया है।