आनी (कुल्लू)।
आनी की प्राचीन संस्कृति और पर्यटन स्थलों को चित्रों के माध्यम से सामने लाने के लिए मेरा गांव मेरी पहचान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। हिम संस्कृति सांस्कृतिक एवं साहित्यिक मंच तथा देवभूमि कुल्लू लोक कला संस्कृति समिति संयुक्त रूप से इसका आयोजन कर रहे हैं। कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर से विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी सहित कई स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। वे आनी के प्राचीन गांवों, धार्मिक स्थलों, देव संस्कृति और स्थानीय परंपराओं को अपनी चित्रकला में उकेरेंगे। 23 सितंबर को केंद्रीय राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनी में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी चित्रकला में भाग लेंगे, जबकि 24 सितंबर को अन्य विद्यालयों में प्रतियोगिताएं होंगी। हिम संस्कृति संस्था के अध्यक्ष शिवराज शर्मा ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय से तीन विजेताओं का चयन किया जाएगा। राजकीय महाविद्यालय आनी के विद्यार्थी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई पेंटिंग की प्रदर्शनी 23 से 27 सितंबर तक एसडीएम सभागार आनी में लगेगी। 28 सितंबर को चयनित पेंटिंग की विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के तहत सात उत्कृष्ट पेंटिंग को सम्मानित किया जाएगा। 29 सितंबर को एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देंगे। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।