ठियोग कॉलेज में कॅरिअर मार्गदर्शक कार्यक्रम का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
राजकीय महाविद्यालय ठियोग में सोमवार को कॅरिअर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल को लेकर कॅरिअर मार्गदर्शक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. भूपिंदर सिंह ठाकुर के निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को परीक्षा की संरचना और तैयारी पर जागरूक किया। कॅरिअर काउंसिलिंग और प्लेसमेंट सेल की समन्वयक प्रो. अनीता राठौर ने सभी का स्वागत किया। सिविल्स टेप अकादमी के रवि आर्यन बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहे। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने आयोजित विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं, परीक्षा की संरचना, चयन प्रक्रिया और प्रभावी तैयारी की रणनीति पर जानकारी दी। रवि आर्यन ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से मिलती है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और समसामयिक घटनाओं पर लगातार नजर रखने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। इस मौके पर डॉ. पूनम, डॉ. विक्रांत ठाकुर, डॉ. हेमलता, डॉ. बृज मोहन प्रजापति, प्रो. रितिका पांजटा, डॉ. अरुण, डॉ. अनामिका रमछैक, विनय जोशी और नवनीत उपस्थित रहे।