कांगल स्कूल के विद्यार्थियाें ने एक पेड़ मां के नाम अभियान में मौजूद छात्र छात्राएं। संवाद
एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत लगाए 50 पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगल में मंगलवार को एक पौधा मां के नाम अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के उप प्रधानाचार्य निशिकांत शर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के मोनाल ईको क्लब और एनएसएस इकाई के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 50 पौधे रोपे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आह्वान किया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा बदलाव संभव है। उप प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि जीवन की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा।