रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तुनन में शुक्रवार को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नशे को दूर भगाना है और नशा मुक्त देश बनाना है के नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. प्रेम सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी। कहा कि बच्चों का जीवन कौशल और नियमित जीवन शैली जीने के लिए नशे से दूर रहना आवश्यक है। नशा व्यक्ति के साथ परिवार को भी नुकसान पहुंचाता है। आज नशा कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने का आह्वान किया।