सांगला ( किन्नौर )। जिंदल विद्या मंदिर छोल्तू के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 23 विद्यार्थियों ने पदक और ट्रॉफियां जीतीं, वहीं 11 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। परियोजना रिपोर्ट के जूनियर वर्ग में अन्वी, आरुषि, प्रथित शर्मा, तन्वी शर्मा, सीनियर वर्ग में निकुंज चौहान, सोनाक्षी पाल्सर, प्रतीक और सृष्टि की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर के लिए चयनित हुए। विज्ञान गतिविधि सीनियर वर्ग में प्रियांशु मणि त्रिपाठी ने प्रथम और जूनियर वर्ग में वेदांत कौशिक ने तृतीय स्थान हासिल किया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी सीनियर श्रेणी से गौरी चौहान और अक्षत पांडेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान नाटिका में विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गणित ओलंपियाड सीनियर वर्ग में आध्या सरकेक ने द्वितीय और जूनियर वर्ग अथर्व धरवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मॉडल निर्माण में शिवांश श्रीवास्तव ने द्वितीय स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। स्कूल के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह नेगी ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी है। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि में विद्यालय के शिक्षकों भूपेंद्र, विकास, अंजना, दिनेश्वरी, मीनाक्षी और किशोरी लाल के योगदान की भी सराहना की।