रामपुर बुशहर। रानी रत्तन कुमारी मेमोरियल राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोगली में पशुपालन विभाग रामपुर ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्राें को रैबीज रोग से बचाव के टिप्स दिए गए। इसके अलावा संक्रमण, बचाव के उपाय और पशुओं के प्रति जिम्मेदार व्यवहार की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग रामपुर के प्रभारी डॉ. अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को रैबीज फैलने के कारणों और संक्रमण के तरीकों के बारे में बताया। कुत्ते या अन्य पशु के काटने की स्थिति में तत्काल बरती जाने वाली सावधानियों, समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने और टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी गई। साथ ही पालतू और आवारा पशुओं के टीकाकरण, पशुओं के साथ सुरक्षित और संवेदनशील व्यवहार करने पर जोर दिया गया। प्रधानाचार्य दिनेश भलूनी ने पशुपालन विभाग रामपुर का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के साथ उनमें पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि समय रहते जागरूकता और सावधानी बरत कर रैबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सकता है।