. कारोबारियों से बच्चों और किशोरों को नशीले उत्पाद न बेचने का किया आह्वान
विज्ञापन
. रचोली पंचायत के युवाओं और स्थानीय लोगों को किया जागरूक संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। युवा पीढ़ी में लगातार बढ़ रही नशाखोरी की समस्या को लेकर समाज के सभी वर्गों का जागरूक होना अति आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए बुधवार को शहर के साथ सटी रचोली पंचायत में महिलाओं और स्कूली बच्चों ने एंटी चिट्टा रैली निकाली। रैली के जरिये समाज में बढ़ रहे नशे के प्रचलन का विरोध जताया। क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। वहीं, रैली के बाद स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों को भी हिदायत दी गई गई कि वे छोटे बच्चों और किशोरों को नशे के उत्पाद न बेचें। इस रैली में रचोली विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ज्योति लाल, पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, महिलाओं और शिक्षकों ने विशेष रूप से भाग लिया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने गांव की गलियों में मार्च किया और नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शारीरिक नुकसान की जानकारी दी। छात्रों ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के युवाओं को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। रैली के दौरान विद्यालय परिसर के सौ मीटर के दायरे में स्थित दुकानों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया। विद्यार्थियों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री न करें। खासतौर पर बच्चों और किशोरों को तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले उत्पाद न बेचने की सख्त अपील की गई। एसएमसी अध्यक्ष ज्योति लाल ने कहा कि नशा समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है और इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी नशा मुक्त समाज के निर्माण में सभी वर्गों से सहयोग की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम के अंत में नशे के खिलाफ सतत जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।
रचोली स्कूल के विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज निर्माण का दिया संदेश। स्रोत : स्कूल प्रबंधन