रोहड़ू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कोटला में छात्र परिषद का पदग्रहण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान नव निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। छात्र परिषद के सदस्यों ने शपथ ली। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य और मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया। समारोह में हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन और विभिन्न क्लबों के पदाधिकारियों को बैज लगाए गए। प्रधानाचार्य ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा-भाव का माध्यम है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की डीपीई और मंच सचिव सरिता देवी ने किया। छात्र परिषद के सदस्यों को विद्यालय के अनुशासन का पालन करने की शपथ दिलाई गई।