किन्नौर जिले के रारंगर में आयोजित राज्यस्तरीय गुरु संज्ञास पर्व के समापन अवसर पर प्रस्तुतियां द
. रारंग में राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास महोत्सव का समापन
. खराब मौसम के कारण नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री सुक्खू
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर के विकास खंड पूह की रारंग पंचायत में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास महोत्सव का समापन हो गया। यह महोत्सव छोयगोन रिंपोछे की उपस्थिति में विधिवत समापन हुआ। महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को बतौर मुख्यअतिथि शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका दौरा स्थगित करना पड़ा। महोत्सव के दौरान पांच दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया गया, जिसमें किन्नौर के स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन पर महिला मंडलों की महिलाओं और स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांधा। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रारंग के विद्यार्थियों, हिम ज्योति पब्लिक स्कूल किन्नौर के छात्रों और महिला मंडल शिलापुर की महिलाओं ने पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। समारोह को संबोधित करते हुए छोयगोन रिंपोछे ने कहा कि रारंग गुरु संज्ञास महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि किन्नौर की प्राचीन सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि रारंग में यह उत्सव 55 साल से आयोजित किया जा रहा है। प्रारंभ में यह जिला स्तरीय आयोजन था, जिसे बाद में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में राज्य स्तरीय महोत्सव का दर्जा प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को राज्य स्तर तक पहुंचाने में तत्कालीन धार्मिक गुरुओं, स्थानीय लामाओं और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।