बारिश और आपदाओं से हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन का फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उत्सव के दौरान नेहरू मैदान में लगे स्टाल को प्रशासन ने छह दिन की अतिरिक्त मोहलत दे दी है। इस फैसले से स्टाल में बैठे व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, जो पिछले दिनों बारिश और आपदाओं की वजह से भारी नुकसान झेल रहे थे। व्यापारियों को 5 सितंबर तक स्टाल लगाने की अनुमति थी। प्रदेश में आपदा के हालत बने हुए हैं और ठियोग क्षेत्र भी अछूता नहीं रहा है। उपमंडल में सड़कों के बंद होने और खरीदारों की कमी के कारण व्यापारियों ने नुकसान होने पर प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई थी।व्यापारियों की मांग पर न केवल नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, बल्कि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी सहमति जताई। उपमंडल में वर्तमान में 27 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन स्टालों में स्थानीय पंचायतों और आसपास के इलाकों से ग्रामीण खरीदारी करने के लिए पहुंचते थे, लेकिन सड़कों के बंद होने के कारण इस साल स्टालों में भीड़ काफी कम देखी गई थी। एसडीएम शशांक गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद के प्रतिनिधिमंडल की ओर से व्यापारियों को अतिरिक्त मोहलत देने के प्रस्ताव के बाद यह निर्णय लिया गया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा ने बताया कि स्थानीय बाजार के व्यापारियों और नेहरू मैदान में बैठे व्यापारियों की तरफ से समय सीमा बढ़ाए जाने का प्रस्ताव आया था। पार्षदों की सहमति के बाद उपमंडलाधिकारी के समक्ष प्रतिनिधि मंडल ने समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया था। उधर, नगर परिषद के अध्यक्ष अनिल ग्रोवर ने बताया कि बारिश के कारण सड़कों के बंद होने और व्यापारियों के प्रार्थना पत्र आने के बाद स्टॉल्स की अवधि बढ़ाने पर सहमति बनी है। परिषद ने व्यापारियों के लगातार आग्रह को देखते हुए यह मोहलत दी है।