रोहड़ू। महासू स्पोर्ट्स क्लब इंदकली की ओर से आयोजित ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपंन हो गई है। स्पर्धा के समापन समारोह में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। समापन समारोह में करालश पंचायत प्रधान किरण दत्ता, भगत सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्पर्धा में पचास से अधिक टीमों ने भाग लिया।
क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच कलोटी और बुठारा के बीच खेला गया। टॉस जीत कर कलोटी ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बुठारा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवर में दो विकेट खोकर 122 रन बनाए। बुठारा की ओर से सर्वाधिक मोदित ने 55 रन, विंकल ने 22 रन, सुधांशु ने 20 रन और प्रेम ने 17 रन बनाए। कलोटी की ओर से गेंदबाजी करते हुए करण ने एक विकेट प्राप्त किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलोटी की टीम पांच विकेट खोकर मात्र 110 रन ही बना सकी। बुठारा की ओर से सर्वाधिक करण ने 42 रन, मोनू ने 40 रन, बल्लु ने 21 रन का योगदान दिया। कलोटी की ओर से गेंदबाजी करते हुए नितुल ने दो और मोदित ने एक विकेट हासिल किया। बुठारा ने 12 रन से मैच जीतकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। विजेता टीम को ट्रॉफी सहित 1.22 लाख रुपये की राशि नकद पुरस्कार में दी गई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कलोटी टीम के मोनु को मैन आफ दा सीरित के खिताब से नवाजा गया। मोनू को पुरस्कार के रूप में मोटरसाइकिल दी गई। स्पोर्ट्स क्लब महासू की टीम के मंजीत ठाकुर को बेस्ट बल्लेबाज, नसारी टीम के जीतू को बेस्ट गेंदबाज, कलोटी टीम के मितु को बेस्ट विकेट कीपर, बुठारा टीम के सुधांशु को बेस्ट क्षेत्ररक्षक के खिताब से नवाजा गया। इस मौके पर महासू स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान दिनेश ठाकुर, सचिव संदीप ठाकुर भी उपस्थित रहे।