दलाश (कुल्लू)। ऋषि पंचमी मेले के उपलक्ष्य पर दलाश में सीरिगढ़ स्पोर्ट्स क्लब दलाश की ओर से खेल प्रतियोगिता करवाई जा रही है। बुधवार को कबड्डी के हुए मुकाबलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला च्वाई ने लोयर ब्युंगल को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन एपीएमसी चेयरमैन कुल्लू लाहौल स्पीति अमर ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने सीरिगढ़ स्पोर्ट्स क्लब दलाश की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिता की सराहना की। उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 21000 रुपये प्रदान किए। वहीं कबड्डी के दूसरे मुकाबले में संजोली और ढैर के बीच खेला गया जिसमें संजोली विजेता रहा। वहीं वॉलीबाल एचआरपी बैरियर और स्पोर्ट्स होस्टल मतियाना के बीच खेला गया जिसमें एचआरपी बैरियर जीता और अगले दौर में प्रवेश किया।
वहीं महिलाओं की रस्साकशी स्पर्धा में महिला मंडल गूंगी ने महिला मंडल ढैर को हराकर, महिला मंडल झलली ने महिला मंडल रिवाडी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता गंगा राम चंदेल, जिला भाजपा सचिव योगेश वर्मा, मंडल सचिव दयाल वर्मा जिला किसान मोचा उपाध्यक्ष बुद्धि सिंह, स्पोर्ट्स क्लब प्रधान विद्यासागर, कुंभ दास, सोहनी राम राठी, प्रदीप चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य तेज राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।