फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों के साथ मिलकर पंचायतें समस्याओं का करें समाधान : उमाकांत

विज्ञापन
ठियोग में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष पर्यवेक्षक उमाकांत जन प्रतिनि​धियों से चर्चा करते
विज्ञापन
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष पर्यवेक्षक ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
विज्ञापन

पर्यटन और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष पर्यवेक्षक उमाकांत ने कहा कि पंचायतें नागरिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं पर चर्चा करें और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान होने तक लगातार प्रयास करें। वह वीरवार को विकासखंड ठियोग की पंचायत बनी और सरोग के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए। बनी पंचायत में आयोजित बैठक में उमाकांत ने कहा कि पंचायतें पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने पंचायतों में स्वशासन को मजबूत बनाने के लिए नियमित चर्चा करने और उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग कर पंचायत की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस संबंध में उन्होंने जिला पंचायत अधिकारी विनय कुमार और खंड विकास अधिकारी मोहित सिंह के साथ चर्चा की। उमाकांत ने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन, जल संरक्षण, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। साथ ही बच्चों को पुस्तकालयों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने पंचायत प्रधान केदार भोटका सहित अन्य प्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि पंचायत की प्रत्येक मासिक बैठक में विकास से जुड़ा कोई नया कार्य या योजना तैयार की जाए। उन्होंने लोगों से सामाजिक पेंशन, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के संबंध में भी जानकारी ली। कुछ महिलाओं ने पेंशन मिलने में देरी की शिकायत की। इस पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पंचायत सहायक रोशन लाल ने पंचायत में चल रहे कार्यों और वीबी-जी रामजी योजना के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों से अधिकारियों को अवगत करवाया। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में खाली पड़े स्थानों को होम स्टे में बदलने में पेश आ रही समस्याओं को भी उठाया। अधिकारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर अमर सिंह नेगी, नरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें