रिकांगपिओ (किन्नौर)। लद्दाख में चल रहे जन आंदोलन का हिमलोक जागृति मंच किन्नौर ने समर्थन किया है। मंच ने गिरफ्तार किए पर्यावरणविद सोनम वांगचुक और अन्य लोगों की रिहाई की मांग उठाई है। अनुसूचित जनजाति पांच अधिकारों की समीक्षा और लद्दाख के साथ एकता को लेकर रिकांगपिओ में 2 अक्तूबर को विशेष बैठक होगी। किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के दिन किन्नौर में पांच जनजातीय अधिकार कितने कारगर हैं और लद्दाख के साथ एकजुटता को लेकर चर्चा की जाएगी। हिमलोक जागृति मंच किन्नौर के अध्यक्ष जिया लाल नेगी बताया कि इस विशेष बैठक के माध्यम से लद्दाख में चल रहे जन आंदोलन पर सरकार के दमन की निंदा की जाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार से सोनम वांगचुक और गिरफ्तार किए सभी लोगों की रिहाई की मांग की। जिया लाल नेगी ने किन्नौर के लोगों से आह्वान किया है कि वे इस जन आंदोलन के साथ खड़े हों। हम सबकी एकजुटता से ही लोकतंत्र और संविधान बच सकेगा।