30 हजार की सहायता राशि की दान
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। समाजसेवी भगत सिंह ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय यांगपा-2 को गोद लेकर शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में सराहनीय पहल की है।
विद्यालय को गोद लेने के बाद उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक सुदृढ़ता और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने तथा स्पोर्ट्स ट्रैक के निर्माण के लिए 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। विद्यालय के स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भगत सिंह का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनका सहयोग और मार्गदर्शन इसी प्रकार मिलता रहेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भगत सिंह की यह जनहितकारी पहल न केवल राजकीय माध्यमिक विद्यालय यांगपा-2, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। इससे समाज के अन्य लोग भी शिक्षा और खेलों के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित होंगे।