रामपुर बुशहर। किन्नौर, कुल्लू और शिमला जिले की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार को भी बर्फबारी हुई, वहीं निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड भी काफी बढ़ गई है। ऊपरी शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के आउटर सिराज क्षेत्र में वीरवार को दिन भर बादल छाए रहे। शाम के वक्त मौसम का मिजाज बदला और ऊंची चोटियों में बर्फबारी शुरू हो गई। रामपुर, आनी, निरमंड, कुमारसैन और आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। जनजातीय जिले के छितकुल, रियोपुरगिल, किन्नौर कैलाश की चोटियों, नारकंडा, रामपुर के ननखड़ी की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। रामपुर के 12/20, 15/20 और सराहन की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। निरमंड की श्रीखंड की पहाड़ियों और आनी के जलोड़ी जोत सहित अधिकांश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण पारा लुढ़क गया है और समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। वीरवार को किन्नौर, रामपुर और आउटर सिराज क्षेत्र के ग्रामीण रूटों पर निगम की बसों की बराबर आवाजाही रही।