संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू। बरसात के दिनों में अपर बाजार रोहड़ू में जगह-जगह कूड़े के ढेर से लोग परेशान हैं। नगर परिषद में सरकार की ओर से मनोनीत पार्षद ने अपनी ही नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया में बाजार में गंदगी की फोटो डालकर मनोनीत पार्षद ने कहा एक सप्ताह से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे बीमारी फैलने का खतरा है। हालांकि, नगर परिषद रोहड़ू में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अधिकांश सदस्य कांग्रेस सर्मथक हैं। कांग्रेस के ही मनोनीत सदस्य के सवाल उठाए जाने के बाद नगर परिषद उपाध्यक्ष को सफाई पर्यवेक्षक की ओर से इस पर स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा है।
मनोनीत पार्षद ने सोशल मीडिया पर कहा
मैं अमित नेपटा मनोनीत पार्षद नगर परिषद आम जनता की आवाज को नगर परिषद में बैठे लोगों तक पहुंचाना चाहता हूं। अपर बाजार में कूड़ा उठाने की गाड़ी आखिरी एक हफ्ते से बंद कर दी है, जबकि अन्य जगह जारी है। इस कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। लोगों को कई संक्रमित बीमारियां होने का अंदेशा है। नगर परिषद को यह देखना होगा कि अगर आपके इस कदम से नगर के एक भाग में अव्यवस्था फैलती है, तो यह चिंता का विषय है। स्वयं नगर के मुखिया महाराज देवता श्री शिकडू जी का भव्य मंदिर इसी अपर बाजार में है। इस पर जवाब मांगता है रोहड़ू।
नगर परिषद का तर्क
सफाई पर्यवेक्षक नगर परिषद रोहड़ू ने बताया है कि 18 जुलाई से 28 जुलाई तक शहरी विकास विभाग की ओर से नगर परिषद रोहड़ू में एक अलग पर्यवेक्षक की तैनाती की गई थी। इसका उद्देश्य नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करना था। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के अनुसार अपर बाजार रोहड़ू में सफाई के दौरान प्रयुक्त ट्रैक्टरों में स्थानीय लोग और दुकानदार अपना मिश्रित कूड़ा सूखा और गीला कचरा दोनों फेंक रहे थे। उसके बाद अपर बाजार रोहड़ू में ट्रैक्टर का उपयोग बंद कर दिया और घर-घर से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग निर्धारित दिनों में उठाने की प्रक्रिया को और सुदृढ़ किया है। उसके बाद अपर बाजार रोहड़ू में गली सफाई में प्रयुक्त ट्रैक्टरों का उपयोग बंद कर दिया गया, लेकिन घर-घर से और दुकानों से कचरा उठाने की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से जारी रखा गया है। नागरिकों और दुकानदारों से अपील की जाती है कि सूखा और गीला कचरे की श्रेणियों में अलग-अलग करें। दुकानदार सुबह और शाम के समय अपना कचरा सफाई कर्मचारियों को दें। ट्रैक्टर के बंद होने के बाद कुछ लोगों की ओर से भ्रांति फैलाई जा रही हैं, जोकि गलत और निंदनीय है। उन्होंने आग्रह किया सड़कों पर कचरा न फेंकें और समय-समय पर अपना उपयोगिता शुल्क भी जमा करवाएं।