दंत चिकित्सक के सहारे क्षेत्र की हजारों लोगों का स्वास्थ्य
नेशनल हाइवे सहित पूरे क्षेत्र में दुर्घटना घटने पर प्राथमिक सुविधा देने के लायक भी नहीं पीएचसी ज्यूरी
मोहन मेहता
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। रामपुर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब छह महीने से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गईं हैं। नेशनल हाईवे पर स्थित इस महत्वपूर्ण पीएचसी में करीब छह महीने डॉक्टर का पद खाली पड़ा है और एक दंत चिकित्सक के सहारे पीएचसी चल रही है।
शिमला और किन्नौर की करीब दो दर्जन पंचायतों के लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्यूरी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। पीएचसी ज्यूरी रामपुर ब्लाक में सबसे ज्यादा ओपीडी वाली पीएचसी में से एक है। इसके बावजूद सरकार पीएचसी ज्यूरी और यहां की जनता के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रही है। पिछले लंबे समय से किसी डाक्टर के आर्डर भी नहीं करवा रही है। इसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
ज्यूरी के आसपास नेशनल हाइवे और लिंक रोड पर दुर्घटना घटने पर पीएचसी ज्यूरी में उन घायल लोगों को फर्स्ट एड भी नहीं मिल पाता है। पुलिस को भी मजबूरन रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचना पड़ता है। दुर्घटनाओं के साथ क्षेत्र में लड़ाई झगड़े की पुलिस रिपोर्ट होने पर भी मेडिकल के लिए खनेरी रामपुर ही पहुंचना पड़ता है। ज्यूरी पंचायत के उपप्रधान अरुण शर्मा ने बताया पीएचसी ज्यूरी में डॉक्टर के खाली पद को भरवाने के लिए पंचायत से सरकार और स्थानीय विधायक को दे दिए गए हैं। ज्यूरी पंचायत के एक प्रतिनिधि मंडल डाक्टर की समस्या को लेकर जल्द मुख्य मंत्री से मिलने शिमला जाएगा।
पंचायत सदस्य देवराज नेगी, प्रकाश चंद, व्यापार मंडल के प्रधान जय प्रकाश, सचिव सुनील शर्मा, ताक्षी छेत्री, मीरा शर्मा और डिंपल ने सरकार से मांग की है कि पीएचसी ज्यूरी में स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। अस्पताल में डॉक्टर के पद को जल्द भरवाया जाए। रेडियोग्राफर की पोस्ट सृजित कर तैनाती की जाए। उधर बीएमओ रामपुर आरके नेगी का कहना है कि रामपुर ब्लॉक की सभी पीएचसी में एक-एक डॉक्टर ही है। इस कारण दूसरे अस्पताल से डेपुटेशन लगाना मुमकिन नहीं है। फिर भी झाकडी अस्पताल से सप्ताह में दो दिन का डेपुटेशन लगाया गया है।