प्रशासन ने कारोबारियों को दुकानें खाली करने के जारी किए फरमान
बिजली और पानी आपूर्ति तुरंत होगी बंद, कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेेले के लिए पाटबंगला मैदान और एनएच किनारे पर सजी दुकानें 30 नवंबर रात तक खाली करनी होंगी। प्रशासन ने कारोबारियों को दुकानें खाली करने के फरमान जारी किए हैं। नियमों का पालन न करने वाले कारोबारियों की दुकानों के बिजली और पानी की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। साथ ही कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति रामपुर के सचिव एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने जारी बयान में कहा कि लवी मेले के दौरान व्यापारियों को जो स्टाॅल एवं प्लॉट आवंटित किए गए थे, वे केवल 30 नवंबर तक की अवधि के लिए ही नियमानुसार प्रदान किए गए थे। प्रशासन की ओर से प्लाॅट एवं स्टाॅल आवंटन के समय यह सूचना दस्तावेजों में स्पष्ट रूप से दर्ज की गई थी कि यह प्लाॅट केवल 30 नवंबर तक ही आवंटित किए जा रहे हैं और इस शर्त को सभी व्यापारियों ने स्वीकार किया था। उन्होंने सभी व्यापारियों, स्टाॅल संचालकों और बाहरी व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे 30 नवंबर रात्रि तक अनिवार्य रूप से दुकानें खाली करें। एसडीएम ने कहा कि निर्धारित तिथि और समय के बाद यदि कोई व्यापारी स्टाॅल खाली नहीं करता है तो उसके बिजली और पानी की आपूर्ति तुरंत बंद कर दी जाएगी। साथ ही नियमों के अनुसार कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसमें स्टाॅल को सील करना, सुरक्षा राशि जब्त करना और भविष्य में स्टाॅल आवंटन से प्रतिबंधित करना भी शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान है और इसके सुव्यवस्थित संचालन में अनुशासन एवं समयबद्धता आवश्यक है। इसलिए सभी व्यापारी प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने आग्रह किया है कि स्टाॅल हटाते समय कचरा, पैकिंग सामग्री और अपशिष्ट सामग्री को निर्धारित स्थान पर ही जमा करें। मेला स्थल की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।