. एनएच पांच पर सजेंगी करीब 120 दुकानें, प्लॉट वितरित कर 9 लाख की राशि की प्राप्त
. बचे हुए प्लॉट व्यापारियों को आज भी किए जाएंगे वितरित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जिला स्तरीय फाग मेले को लेकर नगर परिषद की ओर से प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कारोबारियों को अभी तक 80 फीसदी प्लॉटों का आवंटन कर दिया गया है। जिला स्तरीय फाग मेला 5 से 8 मार्च तक रामपुर में आयोजित होगा। सोमवार से शुरू हुई प्लॉट आवंटन प्रक्रिया अभी जारी है। मेला अवधि के दौरान नेशनल हाईवे-पांच के दोनों ओर दुकानें सजेंगी। स्थानीय और बाहरी राज्यों से आए कारोबारी इस मेले में दुकानें सजाएंगे। एक महीने तक व्यापारिक गतिविधियों का दौर चलता रहेगा। मेले में करीब 120 दुकानें लग रही हैं। नगर परिषद सभागार में मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे से प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू हुई। बीते वर्ष फाग मेले से नगर परिषद को करीब 12 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई थी, जबकि मंगलवार को दूसरे दिन हुई प्लॉट आवंटन प्रक्रिया के दौरान करीब 80 फीसदी प्लॉट व्यापारियों को दिए गए और इसके एवज में करीब नौ लाख रुपये की राशि नगर परिषद को प्राप्त हुई है। हालांकि, इस बार नगर परिषद ने प्लॉटों के किराए में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। नगर परिषद रामपुर के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि फाग मेले को लेकर करीब 80 फीसदी प्लॉट बिक चुके हैं, जिससे नप को नौ लाख की राशि प्राप्त हुई है। बचे हुए प्लॉट भी व्यापारियों को दे दिए जाएंगे।