रामपुर बुशहर। व्यापार मंडल रामपुर ने व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को नप के कार्यकारी अधिकारी एवं तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। इसमें व्यापार मंडल रामपुर ने नगर परिषद रामपुर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था और अन्य कई समस्याओं को जल्द निपटारा करने की मांग उठाई।
व्यापार मंडल रामपुर अध्यक्ष हरीश गुप्ता ने बताया कि रामपुर मेन बाजार के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सही तरीके से न होने पर लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई जगह शौचालय की हालत खस्ता है। इसके अलावा भगवती होटल के साथ बने चिल्ड्रन पार्क की हालात सुधारने, चौधरी अड्डे से रेहडी-फड़ी वाले को हटाने, चौधरी अड्डे के पास महिला और पुरुष के लिए शौचालय का निर्माण करने, गांधी पार्क में लगे फव्वारे को चालू करने, सरकारी भूमि पर कब्जे जमाएं व्यापारियों को हटाने, रामपुर शहर को सीसीटीवी की निगरानी में रखने और व्यापारियों को सुबह 9 बजे से लेकर शाम तक वाहनों को रखने के चिन्हित स्थान देने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व पार्षद ध्रुव शर्मा, ब्रिजेश गोयल, सुशील बॉवी, सुशील ठाकुर, बबलू चौहान, कार्तिक शुक्ला सहित अन्य व्यापार मंडल के सदस्य मौजूद रहे।