नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील स्थित आराध्य देवता बूढ़ा महादेव मंदिर में शिव महापुराण का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ महिलाओं की ओर से निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुआ। बुधवार को क्षेत्र की महिलाओं ने इस जल यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने यह कलश यात्रा बूढ़ा महादेव मंदिर से बूढ़ा महादेव की व्रत बावड़ी तक निकाली और बावड़ी से कलश में जल भरकर धार्मिक अनुष्ठान में पहुंचाया गया। कलश में भरे जल को जहां रखा गया है। वहीं शिव महापुराण कथा का वाचन हो रहा है। कलश में भरे जल को तब तक रखा जाता है, जब तक शिव महापुराण चलेगा। इसके बाद इस जल को महिलाएं घर ले जाती हैं और इस जल से घरों में छिड़काव किया जाता है। बुधवार को दोपहर एक बजे से चार बजे तक शिव महापुराण का पाठ किया गया, जिसका वर्णन आचार्य जय चंद वशिष्ट और रीतिका वशिष्ट ने किया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने कथा का अनुश्रवण किया।