विभिन्न राज्यों से संचालित हो रहे 25 नशा तस्करी नेटवर्कों को ध्वस्त किया
रामपुर बुशहर। शिमला पुलिस गहन अन्वेषण और बैकवर्ड लिंकिज के माध्यम से मुख्य नशा तस्करों और नेटवर्क संचालकों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसके परिणामस्वरूप इस साल नशा तस्करी के बड़े नेटवर्कों को ध्वस्त करने में सफलता प्राप्त हुई है। इस साल बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर 33 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जो पिछले वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है। तुलनात्मक रूप से वर्ष 2024 में चार और वर्ष 2025 में सात आरोपियों को इस आधार पर गिरफ्तार किया गया था। इसी प्रकार इस साल कुल 25 नशा तस्करी नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया, जो विभिन्न राज्यों में संचालित हो रहे थे। तुलनात्मक रूप से वर्ष 2024 में एक और साल 2025 में चार नेटवर्कों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इस साल पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, केरल सहित विभिन्न राज्यों में सक्रिय अंतरराज्यीय नेटवर्कों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनकी सप्लाई चेन को तोड़ा गया है। पुलिस का दावा है कि इस प्रकार की कार्रवाई से मादक पदार्थों की आपूर्ति प्रणाली कमजोर हो रही है और भविष्य में ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने में भी सहायता मिल रही है।