महायज्ञ से पूर्व तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें अधिकारी : एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहडू)। चूड़धार मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम हेमचंद वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि चूड़धार मंदिर में आयोजित होने वाले शांद महायज्ञ से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चूका है और शांत उत्सव के लिए बिजली, पानी, रास्ते का निर्माण और मरमत कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि चूड़धार स्थित शिरगुल देवता के मंदिर में शांद महायज्ञ कार्यक्रम आगामी 11 अक्तूबर को आयोजित होना है। इसके लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। जिलाधीश शिमला ने भी सभी कार्य अतिशीघ्र निपटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को उत्सव के दौरान कोई परेशानी न हो।
एसडीएम हेमचंद वर्मा ने सयुंक्त समन्वय समिति से आग्रह किया है कि शांद महायज्ञ कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बिजली बोर्ड को उत्सव के दौरान बिजली की सुचारू व्यवस्था करने, जल शक्ति विभाग को चूड़धार में श्रद्धालुओं को उचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाने और वन विभाग को रास्ता चौड़ा करने और लोकनिर्माण विभाग को पासिंग प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए हैं।