लोगों ने देवलुओं ने कुल्लवी वेशभूषा में किया लोक नृत्य और मेला ग्राउंड में डाली भव्य नाटी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी निरमंड (कुल्लू)।
बागीपुल का तीन दिवसीय शाड़नू मेला धूमधाम से संपन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन देवी-देवताओं की भव्य जलेब यात्रा निकाली गई। इस दौरान बागीपुल बाजार में देवताओं का देव मिलन हुआ, जिसे सैकड़ों लोगों ने देखा। मेले के दौरान स्थानीय लोग और देवलू अपने देवताओं की भक्ति में डूबे नजर आए। लोगों ने देवलुओं के साथ कुल्लवी वेशभूषा में लोक नृत्य किया। लोक नृत्य करते हुए वे मेला ग्राउंड पहुंचे। वहां एक भव्य नाटी डाली। व्यापार मंडल बागीपुल के प्रधान संतोष बंसल ने बताया कि इस बार चार देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया था। इनमें देवता श्री मार्कंडेय ऋषि ईशवा, देवी दुर्गा बाड़ी, मार्कंडेय ऋषि नोर, सप्तऋषि और थंतल शामिल थे। देवताओं के इस भव्य मिलन के सैकड़ों लोग गवाह बने। कार्यक्रम के अंतिम दिन आनी के पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर व्यापार मंडल बागीपुल के सचिव घनश्याम कौशल, उप प्रधान रणजीत चौहान, कोषाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंडल शलाट बना विजेता
मेले में व्यापार मंडल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। इसमें दस महिला मंडलों ने भाग लिया। महिला मंडल शलाट ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। उपविजेता का स्थान महिला मंडल पजेंडा को मिला। तृतीय स्थान पर महिला मंडल बडारजान रहा। विजेता टीम को 11 हजार रुपये और कप, द्वितीय को छह हजार रुपये और कप और तृतीय को तीन हजार रुपये और कप से सम्मानित किया गया। इन कार्यक्रमों में अधिवक्ता दलीप जोश और अधिवक्ता अमर ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शरीक हुए। अधिवक्ता दलीप जोश ने सभी प्रतिभागी महिला मंडलों को अपनी ओर से 500-500 रुपये की नकद राशि प्रदान की।
बागीपुल का शाड़नू मेले में नाटी डालतीं महिलाएं। संवाद