एसएफआई रामपुर के कार्यकर्ता विधायक को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए| स्त्रोत: इकाई
एसएफआई इकाई ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
छात्र हितों की मांगों पर जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) रामपुर इकाई ने सोमवार को क्षेत्र विधायक नंद को छात्रों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इकाई ने महाविद्यालय रामपुर में बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विषय में पुनः प्रवेश, एमएससी फिजिक्स बहाल करने और कंप्यूटर साइंस विषय में रिक्त शिक्षकों के पद शीघ्र भरने की मांग उठाई। साथ ही रामपुर डिपो की एचआरटीसी बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और लंबे समय से बंद पड़े बस रूटों को बहाल करने की मांग भी उठाई। एसएफआई प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि इन मांगों के लंबित रहने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों को दूसरे जिलों का रुख करना पड़ रहा है, जबकि बस सेवाओं के प्रभावित होने से दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं और आम जनता को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। विधायक नंद लाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से शीघ्र चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छात्र हितों और जनहित से जुड़ी मांगों को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। एसएफआई कार्यकर्ता चमन और अक्षय ने कहा कि संगठन लंबे समय से इन मांगों को उठाता आ रहा है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक के आश्वासन के बावजूद निर्धारित समय के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो एसएफआई चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत धरना प्रदर्शन, क्रमिक भूख हड़ताल, विद्यार्थियों और जनता को साथ लेकर व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित प्रशासन की होगी। एसएफआई ने उम्मीद जताई कि विधायक अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, जिससे विद्यार्थियों और आम जनता को राहत मिले।