एसएफआई इकाई रामपुर कॉलेज की समस्याओं को लेकर विधायक नंद लाल को ज्ञापन सौंपते हुए। संवाद
कॉलेज में पीटीए नाम से न लिया जाए फंड, प्रदेश सरकार छात्र संघ चुनाव करे बहाल
एसएफआई इकाई ने वित्त अध्यक्ष एवं विधायक को सौंपा ज्ञापन
चेताया, जल्द कॉलेज की समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा उग्र आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर में चार वर्ष से एमएससी भौतिकी की कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। इस कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, कॉलेज में पीटीए नाम से कोई फंड न लिया जाए और प्रदेश सरकार छात्र संघ चुनाव को बहाल करें। एसएफआई रामपुर इकाई ने रामपुर कॉलेेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में पहुंचे सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल को विद्यार्थियों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और कॉलेज की समस्याओं को लेकर अवगत करवाया। एसएफआई जिला शिमला के उपाध्यक्ष राहुल विद्यार्थी ने कहा कि एसएफआई समय-समय पर छात्रों की मांगों को लेकर संघर्ष करती आई है। महाविद्यालय में पिछले चार सालों से एमएससी भौतिकी की कक्षा नहीं लग पा रही है। इस कारण बहुत से छात्रों की पढ़ाई पर प्रभाव पड़ रहा है। एसएफआई ने मांग उठाई है कि इस सत्र से महाविद्यालय में एमएससी भौतिकी की कक्षा शुरू की जाए। वहीं, उन्होंने विधायक से कहा कि महाविद्यालय में पीटीए नाम से फंड न लिया जाए और प्रदेश सरकार छात्र संघ चुनाव बहाल करे। विद्यार्थियों की इन मांगों को जल्द पूरा किया जाए, वर्ना एसएफआई आम छात्रों को लामबंद करते हुए एक उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर दिव्या, पूजा, मीना राम, अंकिता, स्नेह और रोहित सहित कई अन्य मौजूद रहे। - संवाद