रामपुर कॉलेज में विभिन्न समस्याओं को लेकर एसएफआई के कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपते हुए।
एसएफआई इकाई रामपुर ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रदेश के महाविद्यालयों में छात्रों से पीटीए फीस के नाम पर हो रही लूट को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाना चाहिए। एसएफआई इकाई रामपुर ने प्राचार्य को छात्रों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इकाई ने पीटीए और प्रोस्पेक्टस की फीस छात्र-छात्राओं से न लेने की मांग की। एसएफआई रामपुर इकाई सचिव मुस्कान भारद्वाज ने कहा कि बीते वर्ष भी एसएफआई ने पीटीए फीस को खत्म करने के लिए ज्ञापन दिया गया था। तब कॉलेज प्रशासन ने कहा था कि अगले सत्र में पीटीए फीस नहीं ली जाएगी, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने इस साल पीटीए फीस को 100 से बढ़ाकर 500 कर दिया है। एसएफआई ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके अलावा कॉलेज में दाखिला लेते समय प्रोस्पेक्टस फीस के 50 रुपये लिए जा रहे हैं। इस फीस को भी न लेने की मांग उठाई। एसएफआई ने चेताया कि यदि कॉलेज प्रशासन जल्द से जल्द इन मांगों को पूरा नहीं करता, तो इकाई आम छात्रों को लामबंद करते हुए उग्र आंदोलन करेगी, जिसके लिए कॉलेज प्रशासन और सरकार जिम्मेवार होगी।