पर्यावरण संरक्षण को लेकर कोटखाई में बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (राेहड़ू)। पर्यावरण संरक्षण को लेकर कोटखाई उद्यान विभाग के हाल में मंगलवार को बैठक हुई। बैठक में डीएफओ ठियोग मुनीश रामपाल, तहसीलदार कोटखाई ललित कुमार, थाना प्रभारी कोटखाई अंकुश ठाकुर, डाॅ. राजेश, नरेश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन हिम जन जागरूक चैनल के तत्वावधान में किया गया। डीएफओ मुनीश रामपाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वनों का संरक्षण करना सभी लोगों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी जन प्रतिनिधि, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूह पौधरोपण में अपनी भूमिका निभाएं। पौधों के लिए वन परिक्षेत्र अधिकारी को आवेदन दें, ताकि उन्हें इस बरसात में पौधे रोपने के लिए पौधे उपलब्ध करवाए जा सकें। पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने अपनी अपनी बात रखी। इस दौरान निर्णय लिया कि कोटखाई क्षेत्र की विभिन्न पंचायत में पर्यावरण संरक्षण के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए कोटखाई की प्रत्येक पंचायत में समिति का गठन किया जाएगा। साथ ही कोटखाई क्षेत्र की एक पर्यावरण संरक्षण समिति का भी गठन होगा। बैठक में चेतना फाउंडेशन की अध्यक्षा अरुण वर्मा ने कहा कि नदियों में कूड़ा-करकट और पूजा सामग्री इत्यादि डाली जा रही है, जिससे प्रदूषण फैल रहा है। हिम जन जागरूक के संपादक पंकज गांगटा ने बैठक में उपस्थित रहने पर सभी का आभार जताया। बैठक में मंच संचालन भारत ठाकुर ने किया।