रामपुर कॉलेज एसएफआई इकाई के कार्यकर्ता प्राचार्य रामपुर काॅलेज को ज्ञापन सौंपते हुए।
रामपुर कॉलेज में मिले बस पास काउंटर की सुविधा, एसएफआई ने समस्याओं को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर कॉलेज के विद्यार्थियों को बस पास बनाने को लेकर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई छोड़कर बस अड्डे में पास बनाने के लिए आना पड़ता है। सोमवार को एसएफआई इकाई रामपुर ने विद्यार्थियों की मांगों को लेकर कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने कॉलेज में बस पास बनाने के लिए काउंटर की सुविधा देने की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष राहुल विद्यार्थी की अध्यक्षता में सौंपे ज्ञापन में इकाई ने कहा कि महाविद्यालय सुचारु रूप से खुल चुका है। छात्रों को अपनी यातायात सुविधा के लिए बस पास बनाने हैं। छात्रों को बस पास बनाने के लिए अपनी कक्षा को छोड़कर बस स्टैंड जाना पड़ता है। एसएफआई ने सरकार और प्रशासन से मांग उठाई है कि छात्रों को 25 किलोमीटर तक निशुल्क बस सुविधा दी जाए। साथ ही कॉलेज में बस पास बनाने के लिए काउंटर खोला जाए ताकि छात्र अपना बस पास कॉलेज में बिना कठिनाइयों के बना सकें। इकाई सचिव मुस्कान भारद्वाज ने कहा कि प्राचार्य ने आश्वासन दिया है कि आने वाले अगस्त महीने से कॉलेज में बस पास काउंटर की सुविधा छात्रों को दी जाएगी। वहीं एसएफआई ने कहा कि बस पास काउंटर की सुविधा अगस्त महीने से नहीं दी जाती है, तो आने वाले समय में एसएफआई आम छात्रों को लामबंद कर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेवारी सरकार और प्रशासन की होगी। इस मौके पर मुस्कान, आस्था, दिव्या, पल्लवी, डिंपल और प्रियांशु सहित अन्य मौजूद रहे।