श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
विज्ञापन
कंस वध और श्रीकृष्ण की लीलाओं का किया गुणगान संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)। आनी के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पनेऊ नाग मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के छठे दिन भव्य देव समागम हुआ। इस दौरान आनी, मंडी और बंजार समेत विभिन्न क्षेत्रों के 26 देवी-देवताओं ने मंदिर में शिरकत की। देवी-देवताओं के आगमन से पूरा पनेऊ क्षेत्र देवमय हो उठा। इस ऐतिहासिक देव मिलन के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे। कथा के दौरान चित्रकूट धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य जनार्दनाचार्य महाराज ने श्रीकृष्ण की लीलाओं और कंस वध का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है और धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। मंदिर कमेटी अध्यक्ष रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि पनेऊ नाग ने सभी देवी-देवताओं का पारंपरिक परंपराओं के अनुसार स्वागत किया। देव समागम में शमशर महादेव, आराध्य कुंईरी व्यास ऋषि, लोमश ऋषि, बंजार के प्रसिद्ध शृंगा ऋषि, बालू नाग और बूढ़ी नागिन सहित 26 देवी-देवताओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं में इस ऐतिहासिक देव मिलन को लेकर खासा उत्साह रहा। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का समापन 19 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ होगा।
26 देवी-देवताओं के आगमन से देवमय हुआ आनी का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पनेऊ। संवाद