आनी (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी की दो छात्राओं ज्योति ठाकुर और वर्णिका शर्मा ने अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। दोनों विद्यालय की छात्रा ज्योति ठाकुर ने मंडी जिले के सरकाघाट में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के यूथ लीडरशिप कैंप में भाग लिया। यहां बेहतर प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के आधार पर उनका चयन 24 से 28 नवंबर तक हमीरपुर जिले के जाहू में होने वाले राज्य स्तरीय प्री-आरडी कैंप के लिए हुआ है। वहीं, वर्णिका शर्मा ने राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आनी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। इसके आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं ईएलसी समन्वयक कुंदन शर्मा, महिला कार्यक्रम अधिकारी रेखा ठाकुर और प्रवक्ता अनीता ठाकुर का विशेष मार्गदर्शन रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्य शालू ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, समस्त स्टाफ और एसएमसी कार्यकारिणी ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।