जलयात्रा में सैकड़ों महिलाएं लेंगी भाग, आयोजन की तैयारियां पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पनेऊ नाग मंदिर में 12 से 19 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। देव आस्था और धार्मिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कथा आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के शुभारंभ अवसर पर निकलने वाली जलयात्रा में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं भाग लेंगी। कारदार माल सिंह ठाकुर ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए जांजा क्षेत्र की पंचायतों सहित देवता के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी पंचायतों के लोग सहयोग कर रहे हैं। इसमें कुंगश, कराणा, कराणा-1, बिनन, मुंडदल और रोपा पंचायतों सहित समस्त गढ़ क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक एकता, देव परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं, रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि देवता कुंगशी महादेव और पनेऊई नाग जी की असीम कृपा एवं आशीर्वाद से श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन पनेऊई नाग जी के सानिध्य में किया जा रहा है। सात दिनों तक कथा प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई हैं।