पीएम श्री उत्कृष्ट कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में एनएसएस शिविर समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीएम श्री उत्कृष्ट कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में रामपुर डीएसपी नरेश शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब तालियां बटोरीं। छात्राओं ने एकल नृत्य, कुल्लुवी नाटी, पहाड़ी नाटी और एकल गान सहित अन्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम अधिकारी पीपी दुल्टा ने पूरे सप्ताह आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की। समाज सुधार में स्वयंसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूक किया। शिविर में स्वयंसेवकों को समाज सुधार में योगदान, स्वच्छता और विभिन्न परिस्थितियों में रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस तरह के शिविर से छात्रों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। छात्रों को इस तरह के शिविरों में भाग लेते रहना चाहिए। मुख्यातिथि ने छात्राओं को नशे के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कई युवा नशे की गिरफ्त में हैं। जिन्हें बचाने के लिए पुलिस तो कार्य कर रही है, लेकिन अभिभावकों, छात्रों और आम जनमानस को भी इसके प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ साथ विभिन्न गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। शिविर में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर अदिति कायथ, प्रिया, ओशिन, महैक मेहता, अवंतिका, गोयला, प्रीति, तनीशा, आंचल ठाकुर सहित अन्य को बेस्ट वालंटियर के खिताब से नवाजा गया।- संवाद