दत्तनगर में सीनियर नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते एसएमएस डॉ. संजय
. 24 खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण, सर्वश्रेष्ठ 14 खिलाड़ियों का होगा चयन
. 3 जनवरी से उत्तर प्रदेश के बनारस में होगी सीनियर नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
सीनियर नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल टीम के खिलाड़ी दत्तात्रेय वॉलीबाल अकादमी दत्तनगर में खेल की बारीकियां सीख रहे हैं। टीम के लिए प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। शिविर में हिमाचल प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ 24 खिलाड़ियों को कोच प्रतीक शर्मा प्रशिक्षण दे रहे हैं। 24 खिलाड़ियों में से ही हिमाचल प्रदेश टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ 14 खिलाड़ी चुने जाएंगे। यह टीम 3 जनवरी से उत्तर प्रदेश के बनारस में शुरू होने वाली सीनियर नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता के लिए 1 जनवरी को रवाना होगी। बनारस में सीनियर नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता 3 जनवरी से शुरू होगी और 10 जनवरी तक खेली जाएगी। दत्तात्रेय वॉलीबाल अकादमी दत्तनगर के संस्थापक यशविंदर सिंह ठाकुर और अकादमी के अध्यक्ष विनोज नेगी ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल के गुर सिखाए जा रहे हैं। ठहरने और खाने की भी बेहतर सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। अकादमी के अध्यक्ष विनोज नेगी ने सीनियर नेशनल वॉलीबाल शिविर रामपुर के दत्तात्रेय वॉलीबाल अकादमी में आयोजित करने के लिए भारतीय वॉलीबाल संघ और हिमाचल प्रदेश वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर, हिमाचल प्रदेश वॉलीबाल संघ के महासचिव मदन राणा का आभार जताया। अकादमी के सदस्य विकास कंवर, सुंदर कपूर, चेतन शर्मा, रितेश चौहान, राकेश कपूर और अमन कपूर भी शिविर में सहयोग कर रहे हैं।