ठियोग (रामपुर बुशहर)। वन विभाग के ठियोग वन मंडल की ओर से जब्त की गई लकड़ी की नीलामी 30 सितंबर को पूर्वाह्न 11:00 बजे से होगी। नीलामी ठियोग स्थित मंडलीय वन अधिकारी कार्यालय में आयोजित की जाएगी। वन विभाग की ओर से जारी नीलामी सूचना के अनुसार लकड़ी ठियोग रेंज ऑफिस, ब्लॉक फॉरेस्ट ऑफिस कंपाउंड मतियाना और रेंज कंपाउंड बलसन में रखी गई है। नीलामी में कुल 30 लॉट शामिल किए गए हैं। सूची के अनुसार इनमें देवदार, रई और कायल प्रजाति की लकड़ी शामिल है। सभी लॉट में लकड़ी की कुल मात्रा करीब 57.59 घन मीटर है। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक बोलीदाताओं को संबंधित लॉट की लकड़ी का निरीक्षण नीलामी से पहले किसी भी कार्य दिवस में निर्धारित स्थल पर करने की सुविधा दी गई है। बोली में भाग लेने से पहले 5 हजार रुपये की सुरक्षा राशि नकद या राष्ट्रीयकृत बैंक से डीएफओ ठियोग के पक्ष में बनाए गए डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा करनी होगी। सूचना में बताया गया है कि नीलामी के परिणाम बोली प्राधिकारी की ओर से मौके पर ही सफल बोलीदाता को सूचित किए जाएंगे। नीलामी प्रक्रिया ठियोग वन मंडल के डीएफओ-कम-अधिकृत अधिकारी की देखरेख में होगी।