चौपाल (रोहड़ू )। कुपवी पुलिस ने कियालधार गांव में एक खेत से 811 भांग के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम मालत, कोठी और जुब्बली क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गुप्त सूचना मिली कि कियालधार गांव निवासी मंगत राम ने अपने खेत में भांग के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की जांच की। मौके पर पटवारी को बुलाकर खेत की पहचान करवाई गई। इसके बाद नायब तहसीलदार कुपवी की मौजूदगी में खेत में उगे भांग के पौधों को उखाड़ा गया। पुलिस ने कुल 811 पौधे बरामद किए। इनमें से 20 पौधों को सैंपल के तौर पर कब्जे में लिया गया, जबकि शेष पौधों को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया।