रात की गश्त हुई तेज, सीसीटीवी कैमरों से शरारती तत्वों पर रखी जा रही नजर
विज्ञापन
व्यापार मंडल की मांग के तुरंत बाद हरकत में आया प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग बाईपास पर कुछ दिन पहले शातिरों ने सड़क के किनारे खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे। शातिरों ने छह गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ की थी। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने बाईपास पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। बाईपास पर मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस ने रात्रि गश्त तेज कर दी है। पुलिस की ओर से शहर और आसपास के क्षेत्रों में रात 8 बजे से सुबह 3 बजे तक विशेष रात्रि गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सड़क के किनारे खड़ीं सभी गाड़ियों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान 185 एमवी अधिनियम के तहत एक व्यक्ति के खिलाफ नशे में वाहन चलाने का चालान भी किया गया। ठियोग व्यापार मंडल ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए एसडीएम शशांक गुप्ता को लिखित शिकायत सौंपी थी। इसमें सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग उठाई थी। प्रशासन ने इस मांग पर तुरंत संज्ञान लेने के बाद विशेष गश्त अभियान शुरू किया है। वहीं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि निरंतर गश्त से अपराध पर रोक लगेगी और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा बनी रहेगी।
रात्रि गश्त को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो। पुलिस लगातार जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सिद्धार्थ शर्मा, डीएसपी, ठियोग