संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मानसून सीजन में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन सहित सुरक्षा बलों और विद्युत परियोजनाओं के अधिकारी सजग हो गए हैं। मंगलवार को 1500 मेगावाट नाथपा-झाकड़ी परियोजना में भारी भूस्खलन और बाढ़ से निपटने के लिए सीआईएसएफ की झाकड़ी इकाई ने विभिन्न एजेंसियों के साथ पूर्वाभ्यास किया। इसमें एसजेवीएन सुरक्षा विभाग, प्रबंधन वर्ग, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
सहायक कमांडेंट अमरेंद्र कुमार, सीआईएसएफ आरआई धरम सिंह, फायर इंस्पेक्टर रवि रत्नायके, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर नीरज भारती, थाना प्रभारी सुनील दत्त नेगी और सुरेश कुमार, अग्निशमन विभाग के किशन राव और परियोजना अस्पताल ने पूर्वाभ्यास में अपनी-अपनी टीमों के साथ भाग लिया। सभी टीमों ने मिलकर भारी भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई टनल में राहत और बचाव कार्य का अभ्यास किया। उन्होंने रेस्क्यू और सुरक्षा उपकरणों का अच्छी तरह से प्रयोग किया। घायलों को फर्स्ट ऐड और सीपीआर देकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल तक भेजने के बारे में अभ्यास किया। परियोजना प्रमुख आशुतोष बहुगुणा, सीआईएसएफ प्रभारी उप कमांडेंट कौशलेंद्र सिंह, जीएम राजीव कपूर, सोनी कुमार, नायब तहसीलदार सुरेश नेगी ने सभी टीमों के कार्यों को बारीकी से परखा और भविष्य में होने वाली किसी भी त्रासदी के लिए अपनी क्षमता, समन्वय और सहयोग पर बल दिया। परियोजना प्रमुख और सीआईएसएफ इकाई प्रभारी ने सभी टीमों के कार्य की सराहना की। उन्होंने भविष्य में होने वाली किसी भी घटना पर इसी जोश और जज्बे के साथ तत्पर और तैयार रहने को कहा। इस मौके पर परियोजना के अन्य विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
- संवाद