सिराज उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोकगीतों की धूम, स्थानीय कलाकारों ने भी बांधा समां
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)। आनी के ऐतिहासिक राजा रघुवीर सिंह स्टेडियम में सिराज उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोकगीतों के नाम रही। हिमाचल के स्टार लोक गायक विक्की चौहान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय गीत ‘झुमके-झुमके’ पर दर्शक खूब झूमे। इसके अलावा विक्की चौहान ने ‘आजा बैठ जा मेरी एलपी गाड़ी में’, ‘डाली झूमा’ और ‘चाल तो देखो’ समेत कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं, लोक गायिका राठी गौतम ने ‘तुम परदेसी किधर से आए’ और ‘नीरू चली घुमड़ी’ जैसे गीतों से समां बांधा। गायिका वर्षा ठाकुर ने भी ‘हुस्न पहाड़ों का’, ‘दिल्ली से मनाली’ और ‘इक मुंडा पंजाबी’ समेत कई गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान स्थानीय कलाकार देवराज, नितिन कौशल और जेके चौहान ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे ललित शर्मा ने अपने शायराना अंदाज से सांस्कृतिक संध्या को रोचक बनाए रखा। समापन अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्ष सतपाल ठाकुर और खंड विकास अधिकारी विवेक टेसू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सिराज उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों को प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
विक्की चौहान के गानों पर झूमा आनी का रघुवीर सिंह स्टेडियम। संवाद