दो दिन में प्रभावितों को गैस सिलिंडर और विद्युत आपूर्ति मुहैया करवाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बादल फटने से 31 जुलाई की रात समेज के आई बाढ़ कई जिंदगियां बहाकर ले गई। कुछ लापता लोगों के शव मिल चुके हैं, वहीं कुछ लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि समेज में बाढ़ पीड़ितों की मांग तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। दो दिन में प्रभावितों को गैस सिलिंडर और विद्युत आपूर्ति मुहैया करवाई जाएगी। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक में राहत कार्यों में लगे सेना, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, गृहरक्षक, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा प्रभावित पंचायत के प्रधान और उपप्रधान मौजूद रहे। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि समेज गांव के 37 प्रभावित परिवारों को दो दिनों के भीतर निशुल्क गैस सिलिंडर आवंटित किए जाएंगे। उपायुक्त ने विभिन्न एजेंसियों की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन के क्षेत्र को और व्यापक किया जाएगा। समेज में कार्य कर रहे मशीनों को अगले आदेश तक नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने सरपारा पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि बाढ़ में लापता हुए लोगों के आश्रितों की सूची दो दिन में तैयार की जाए ताकि उन्हें समय पर मुआवजा राशि दी जा सके। साथ ही उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को दो दिन के भीतर बिजली बहाल करने और सड़क बहाली के लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। वहीं, प्रभावित पंचायत सरपारा के प्रधान मोहन लाल ने सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र समेज में किए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों पर आभार जताया और सराहना की। इस मौके पर एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी, एसडीएम रामपुर निशांत तोमर, डीएसपी नरेश शर्मा, विभिन्न रक्षा संगठनों और विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समेज में चल रहे राहत कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त अनुपम कश्यप। संवाद