चौपाल (रोहड़ू)। नगर पंचायत चौपाल और नेरवा में एसडीएम हेम चंद वर्मा ने कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र में एसडीएम ने मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के उपयोग, मतदाता सूची के सत्यापन, पोलिंग बूथ की व्यवस्थाओं और आचार संहिता के पालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि चुनाव कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ किया जाए। इसके अलावा आईटी शिक्षक दीप राम चौहान ने भी चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। मतदान के दिन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना प्रक्रिया और आपात स्थिति से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी चुनाव को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएं।