आनी में मतगणना पूर्वाभ्यास के दौरान एसडीएम ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। विकास खंड आनी की 38 पंचायतों में जिला परिषद के दो वार्डों और पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए सदस्य पद के लिए तीन चरणों में संपन्न होने वाले चुनावों की मतगणना 31 मई को राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर ) में होगी। मतगणना से पूर्व मतगणना सुपरवाइजर, सहायकों और अन्य कर्मियों के लिए मतगणना केंद्र में पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर चुनाव पर्यवेक्षक नरेंद्र चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी पंचायत एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट के साथ मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। चुनाव पर्यवेक्षक ने मतगणना अधिकारियों और कर्मियों से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से कार्य करने की अपील की। निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने संदेहास्पद मतपत्रों को सहायक निर्वाचन अधिकारी के ध्यान में लाने की अपील की। पंचायत निरीक्षक जोगेंद्र शर्मा ने मतगणना प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित प्रपत्रों पर सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरने की अपील की। निर्वाचन अधिकारी पंचायत ने सभी मतगणना अधिकारियों, कर्मियों, निर्वाचन प्रत्याशियों और मतगणना अभिकर्ताओं से 31 मई को सुबह 7:00 बजे से पूर्व मतगणना केंद्र में पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्याशियों और मतगणना अभिकर्ताओं से बीडीओ कार्यालय से एंट्री पास बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि बिना एंट्री पास के किसी को भी मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना केंद्र में मोबाइल फोन की अनुमति भी नहीं रहेगी।मतगणना हॉल में एक बार प्रवेश के पश्चात बाहर जाने की अनुमति नहीं रहेगी। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत समिति तहसीलदार आनी रत्नेश्वर शर्मा , बीडीओ आनी विवेक टेसू , नायब तहसीलदार आनी मोती राम और कॉलेज प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर सहित मतगणना अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।