रामपुर बुशहर। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर की छात्राओं ने अंडर-19 खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में समग्र विजेता का खिताब जीता है। तकलेच स्कूल में आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शनिवार को स्कूल लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। छात्राओं ने शतरंज, योग और भाषण में प्रथम स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। संस्कृत गीतिका, श्लोकोच्चारण, समूह वादन, एकल शास्त्रीय, समूह गान और लोक नृत्य में भी पहला स्थान मिला। कबड्डी और एकांकी नाटक में छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल के प्रधानाचार्य यशपाल ठाकुर ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।