आनी (कुल्लू)। आनी के स्कूलों में करीब 7 माह बाद रौनक लौटी है। 9वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के बच्चे स्कूल पहुंचकर खुश दिखे। स्कूल प्रबंधकों की ओर से भी सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पूरे इंतजाम किए गए थे। विद्यार्थियों के लिए जहां थर्मल स्क्रीनिंग का इतंजाम किया गया, वहीं
विद्यार्थियों को कोरोना काल में एहतियात बरतने की भी जानकारी दी गई। सरकारी स्कूलों के साथ साथ निजी स्कूलों में भी विद्यार्थियों ने स्कूल खुलने के बाद खुशी जाहिर की।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी के शिक्षक मनमोहन शर्मा ने बताया कि आनी स्कूल में 455 में से 146 बच्चे स्कूल पहुंचे। कुछ ऐसा ही नजारा दूसरे स्कूलों में भी, दिखा जहां 30 से 50 फीसदी तक विद्यार्थियों ने स्कूल में उपस्थिति दर्ज करवाई। स्कूल में सभी विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि खांसी और जुकाम वाले लक्षण होने पर स्कूल न आएं और डॉक्टर को तुरंत दिखाएं। इसके साथ ही मास्क पहनने के लाभ के बारे में भी बताया गया।
विद्यार्थियों का कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल खुलने के बाद जहां अध्यापकों से सीधा संवाद होगा वहीं, स्कूल में होने वाली पढ़ाई भी ज्यादा कारगर होगी। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई है कि नियमित कक्षाओं से उनकी प्रभावित हो रही पढ़ाई में सुधार होगा।
कोरोना को हल्के में न लें आनी के सभी स्कूल प्रबंधकों ने अभिभावकों से अपील की है कि कोरोना को हल्के में न लें। विद्यार्थी मास्क लगाकर स्कूल आएं। इसे सुनिश्चित करने की भी अध्यापकों ने अपील की है। सोमवार को स्कूल खुलने के बाद जहां नियमित पढ़ाई की उम्मीद अभिभावकों में जगी वहीं कोरोना का भय भी साफ तौर पर दिखा।